*अयोध्या में भव्य राममंदिर और काशी में काशी विश्वनाथ धाम बन गया वैसे ही मथुरा की जनता सहमत हो तो वृंदावन में भव्य बांकेबिहारी, रिपोर्ट योगेश मुदगल

आगरा – आदित्यनाथ ने गुरुवार को कहा कि जिस तरह अयोध्या में भव्य राममंदिर और काशी में काशी विश्वनाथ धाम बन गया वैसे ही मथुरा की जनता सहमत हो तो वृंदावन में भव्य बांकेबिहारी कॉरिडोर बनाया जाएगा। योगी ने कहा कि हमें बरसाना, गोकुल, गोवर्धन को उसके पुरातन स्वरूप जैसी भव्यता देनी है।
मुख्यमंत्री गुरुवार को आगरा, मथुरा और फिरोजाबाद में भाजपा के निकाय प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ब्रज क्षेत्र में 32 हजार करोड़ रुपए की विकास परियोजनाएं चल रही हैं। 84 कोसी परिक्रमा केवल अयोध्या में ही नहीं ब्रज में भी होने जा रही है।
यूपी में सेफ और साफ सिटी बनीं मुख्यमंत्री ने कहा, डबल इंजन सरकार में यूपी की तस्वीर बदली है। आज इसे साफ और सेफ सिटी के लिए जाना जाता है। गुंडागर्दी का खात्मा हो चुका है। कोई भी अपराधी अब घर से तमंचा लेकर नहीं निकलता। हमारी सरकार की युक्ति है, प्रदेश से हो अपराधियों की मुक्ति। ट्रिपल इंजन की सरकार विकास को और गति प्रदान करेगी। योगी ने विपक्षी दलों को आड़े हाथ लेते हुए कहा, हमारी सरकार का तुष्टिकरण नहीं, सशक्तिकरण पर जोर है। बिना पक्षपात व भेदभाव के विकास कार्य कराए हैं।
हाथों में तमंचा नहीं टैबलेट योगी ने कहा कि यूपी में आज कानून का राज है। युवाओं के हाथों में तमंचा नहीं, टैबलेट है। बदली तस्वीर से यूपी में विकास की गति बढ़ाई है। ओडीओपी से हमारे उत्पादों औऱ कारोबार को नई पहचान मिली है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 35 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव आए है, इसका सीधा-सा मतलब एक करोड़ युवाओं को नौकरी और करोड़ों लोगों को रोजगार के अवसर मिलना है।
अब भारत की पहचान ‘ट्रिपल टी’ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज भारत की पहचान ‘ट्रिपल टी’ यानी टैलेंट, टेक्नोलॉजी और ट्रेनिंग के तौर पर हो रही है। पहले युवा परेशान था। कांग्रेस की सरकार में विकास पंचवर्षीय योजना तक सिमटा था। योजनाएं बनती थी और पांच साल तक लटकी रहती थी। पहले न सुरक्षा थी और न सम्मान। देश में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद स्थितियां बदलीं। उन्होंने नए भारत का निर्माण किया। अब करोड़ों लोगों को शौचालय, घर और राशन मिल रहा है।