जल्द ही जिले को मिलेंगे पांच नए हेल्थ एटीएम, रिपोर्ट योगेश मुदगल

एटा, । जनपद को जल्द ही पांच नए हैल्थ एटीएम मिलने वाले हैं, जिन्हें स्थापित कराने की तैयारी में स्वास्थ्य विभाग जुट गया है। सीएमओ डॉ. उमेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि आने वाले हैल्थ एटीएम लगाने को स्थान का चयन कर लिया गया है।
सीएमओ ने बताया कि एक-दो दिन में पांच हैल्थ एटीएम आने वाले हैं। इन हैल्थ एटीएम को सकीट, जैथरा, बागवाला, मारहरा, अर्बन पीएचसी पर लगाने की तैयारी है। हैल्थ एटीएम लगने से लोगों को जांच कराने में आसानी होगी। हैल्थ एटीएम से जांच कराने से लोगों को जल्द परिणाम मिल सकेंगे। इसके लिए हैल्थ एटीएम पर एक फार्मासिस्ट, स्वास्थ्य कार्यकर्ता जांच की जानकारी देने को मौजूद रहेगा। सीएमओ ने बताया कि हैल्थ एटीएम से होने वाली जांच का डाटा ऑनलाइन शासन को भेजा जाएगा।
जिले में 20 हैल्थ एटीएम लगाये जाने की योजना सीएमओ ने बताया कि जनपद में 20 हैल्थ एटीएम लगाये जाने की योजना है। जनप्रतिनिधियों की ओर से दिए गए इन हैल्थ एटीएम को सीएचसी, पीएचसी पर स्थापित कराया जाएगा। उसके बाद लोगों को जनपद में कहीं भी जांच कराने में परेशानी नहीं होगी। उन्होंने बताया कि हैल्थ एटीएम से 50 से 55 प्रकार की जांच की जाती है।
वर्तमान में जिले में दो हैल्थ एटीएम सक्रिय
सीएमओ ने बताया कि जनपद में वर्तमान में दो हैल्थ एटीएम सक्रिय है, जिसमें से एक अर्बन पीएचसी मंडी समिति और दूसरा सीएचसी चुरथरा पर लगा है। जहां पर प्रतिदिन जांच कराकर लोग उसका लाभ ले रहे हैं।