फेसबुक पर धमकी देकर हिस्ट्रीशीटर ने बोला हमला, रिपोर्ट योगेश मुदगल

आगरा, प्रमुख संवाददाता। सिकंदरा क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर ने दुकान से 150 रुपये का सामान खरीदा। रुपये मांगे तो आग बबूला हो गया। उल्टा एक हजार रुपये की रंगदारी मांगने लगा। विरोध पर धमकी देकर चला गया। पहले फेसबुक पर धमकी दी। उसके बाद साथियों के साथ हमला बोला। जो मिला उसे पीटा। भीड़ ने हिस्ट्रीशीटर को दबोच लिया। साथी भाग गए। पुलिस ने मुकदमा लिखकर उसे जेल भेज दिया।
आवास विकास कालोनी सेक्टर 11 में विनोद कुमार शर्मा का बांस बल्ली का काम है। एक परचून की भी दुकान है। दुकान पर उनकी पत्नी बैठती हैं। उन्होंने बताया कि 18 अप्रैल को बदमाश जिम्मी चौधरी अपने साथी विशाल उर्फ पिल्ला के साथ आया। नमकीन, सिगरेट और पानी की बोतल ली। 150 रुपये का हिसाब बना।
दुकान पर मौजूद बेटे शिवम शर्मा ने 150 रुपये मांग लिए। जिम्मी चौधरी को यह बात नागवार गुजरी। धमकी देकर चला गया। पहले फेसबुक पर धमकी दी कि सबक सिखाएगा। रविवार को अपने साथियों के साथ आया। आते ही मारपीट शुरू कर दी। दुकान में तोड़फोड़ करने लगा। मैदान में लड़के क्रिकेट खेल रहे थे। शोर शराबा होने पर वे मदद के लिए आ गए। जिम्मी चौधरी को पकड़ लिया। सूचना पर पुलिस आ गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपित और उसके साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। इंस्पेक्टर सिकंदरा आनंद साही ने बताया कि जिम्मी चौधरी सिकंदरा थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। पूर्व में गोली तक चला चुका है। उसे जेल भेजा गया है। उसके साथियों की तलाश की जा रही है। वहीं दूसरी तरफ पीड़ित दुकानदार ने बताया कि जिम्मी धमकी देकर गया है जेल से छूटने के बाद पहले उनकी हत्या करेगा। धमकी से उनका परिवार दहशत में है। पुलिस ने पीड़ित दुकानदार को सुरक्षा का अश्वासन दिया है।