
29 अप्रैल से टनकपुर को चलेगी ट्रेन
कासगंज। इज्जत नगर मंडल द्वारा टनकपुर के लिए 29 अप्रैल से ट्रेन संचालित की जाएगी। इस संबंध में डीआरएम ने पत्र जारी किया है। पत्र के मुताबिक गाडी संख्या 05062 व 05061 टनकपुर-मथुरा-टनकपुर का संचालन मथुरा छावनी से सोमवार, मंगलवार, गुरुवार, शुक्रवार व शनिवार को 31 जुलाई तक किया जाएगा। गाडी संख्या 05042 व 05041 टनकपुर-इज्जत नगर-टनकपुर का संचालन बुधवार एवं रविवार को 30 अप्रैल से 30 जुलाई तक किया जाएगा।
दुराचार के मामले में वांछित गिरफ्तार
कासगंज। सिकन्दरपुर वैश्य थाना पुलिस ने क्षेत्र से दुराचार के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि थाना पुलिस ने किशोरी को अगवा कर उससे दुराचार के मामले में वांछित चल रहे आरोपी प्रवीन पुत्र पन्नालाल निवासी खडुईया थाना सिकन्दरपुर वैश्य को चाकरपुर तिराहा से गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध पुलिस ने अग्रिम कार्रवाई की है।
हरियाणा से फरार महिला सिढ़पुरा में मिली
सिढ़पुरा। हरियाणा से प्रेमी संग फरार हुई एक महिला को सिढ़पुरा थाना पुलिस ने बरामद किया है। पीड़िता के पति की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर विवाहिता को पति के सुपुर्द कर दिया है। इंस्पेक्टर गोविंद बल्लभ शर्मा ने बताया कि हरियाणा के फरीदाबाद से एक व्यक्ति थाना पहुंचा, उसने बताया कि क्षेत्र के नगला मोड के रहने वाले एक व्यक्ति के साथ उसकी पत्नी आई है और मामले में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
तीन आरोपियों पर गैंगेस्टर की कार्रवाई
सिढ़पुरा। थाना पुलिस ने क्षेत्र के तीन आरोपियों के विरुद्ध गैंगेस्टर की कार्रवाई की है। इंस्पेक्टर गोविंद बल्लभ शर्मा ने बताया कि गत 17 अप्रेल को डीएम द्वारा अनुमोदित चार्ट के आधार पर उन्होंने टीम के साथ चेकिंग की। गैंग लीडर शीलेंद्र, सदस्य ओमपाल, ओमवीर निवासीगण मगथरा के बारे में जांच पडताल की। इसमें पता चला कि आरोपी गिरोह बनाकर बाइक चोरी समेत अन्य आपराधिक वारदातों को अंजाम देते थे। एक किशोरी के साथ दुराचार भी किया गया था। ।
चार वारंटियों को किया गया गिरफ्तार
सिढ़पुरा। थाना पुलिस ने क्षेत्र से तीन वारंटी गिरफ्तार किए हैं। इंस्पेक्टर गोविंद बल्लभ शर्मा ने बताया कि थाना पुलिस ने वारंटी राजू पुत्र मिहीलाल, जसवीर पुत्र मिहीलाल, मिहीलाल पुत्र नाथूराम निवासीगण कलानी सिढपुरा, आशू पुत्र डब्बू गुप्ता निवासी मोहल्ला पन्तनगर सिढ़पुरा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
मारपीट की रिपोर्ट दर्ज
बेवर। थाना क्षेत्र के ग्रार्म अंहकारीपुर निवासी शांति पत्नी अखिलेश ने शुक्रवार को थाने में मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई। जिसमें आरोप लगाया कि 19 अप्रैल की सुबह वह खेत पर जा रही थी। तभी गांव का ही प्रभात पुत्र सुबर सिंह उससे गाली-गलौज करने लगा। जिसका विरोध करने पर उसकी मारपीट कर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।