मगरमच्छ पर हमला बोल मां की जान बचाई

मगरमच्छ पर हमला बोल मां की जान बचाई

अतरौली, संवाददाता। बहादुर बेटी ने शुक्रवार को मगरमच्छ पर हमला बोलते हुए मौत के मुंह से अपनी मां को बचाने का साहस दिखाया।

घटना कोतवाली अतरौली के गांव अहमदपुरा की है। काली नदी के किनारे घास काट रही महिला पर मगरमच्छ ने हमला बोलते हुए हाथ को मुंह में लेकर नदी में ले जा रहा था। चीख-पुकार सुन पास में ही मौजूद बेटी ने घास काट रहे औजार हसिया से मगरमच्छ की आंख पर वार करते हुए मां को बचा लिया।

कोतवाली क्षेत्र के गांव अहमदपुरा निवासी सत्यवती देवी शुक्रवार को पशुओं के लिए घास लेने काली नदी के पास गई थी। उनके साथ 14 वर्षीय बेटी गुड़िया भी साथ थी। दोपहर करीब तीन बजे सत्यवती घास काट रही थी, तभी नदी में से आए मगरमच्छ ने महिला पर हमला बोल लिया और महिला के हाथ को मुंह में दबाकर नदी की तरफ ले जाने लगा। महिला छटपटाते हुए चीखने-चिल्लाने लगी। यह देख पास में ही घास काट रही बेटी ने हसिया से मगरमच्छ पर ही हमला बोल दिया। हसिया मगरमच्छ की आंख में जा लगी, जिससे मगरमच्छ का मुंह खुल जाने से सत्यवती का हाथ बाहर आ गया और वह बच गई। मगरमच्छ नदी में चला गया।

मगरमच्छ द्वारा महिला पर हमला करने की जानकारी मिली थी। जांच कराने के लिए क्षेत्रीय लेखपाल को भेजा गया था। घटनाक्रम सही मिलने पर साहसी बेटी को सम्मानित कराया जाएगा।

अनिल कटियार, एसडीएम

ग्रामीण महिला को लेकर पहुंचे स्वास्थ्य केंद्र
चीख-पुकार सुन आसपास मौजूद ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंच गए। जहां गुड़िया ने पूरा घटनाक्रम ग्रामीणों को बताया। यह सुनकर ग्रामीणों के भी होश उड़ गए। ग्रामीण घायल महिला को इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र ले गए। गौरतलब है कि काली नदी में मगरमच्छ की तादाद अच्छी खासी है। पहले भी मगरमच्छ नदी से बाहर आ चुके हैं।

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

यह खबर /लेख मेरे ( निशाकांत शर्मा ) द्वारा प्रकाशित किया गया है इस खबर के सम्बंधित किसी भी वाद - विवाद के लिए में खुद जिम्मेदार होंगा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks