अतीक-अशरफ की हत्या करने वाले तीन शूटरों में से एक लवलेश

अतीक-अशरफ की हत्या करने वाले तीन शूटरों में से एक लवलेश

बांदा, वरिष्ठ संवाददाता। शहर के क्योटरा इलाके की एक पतली सड़क के किनारे का मकान। इसमें रहने वाले यज्ञ कुमार तिवारी पत्नी और बेटे संग रात का भोजन कर टीवी देख रहे थे। अचानक फ्लैश आया… प्रयागराज में अतीक-अशरफ की गोली मार कर हत्या..। उनींदे हो रहे यज्ञ कुमार ने कमर सीधी कर ली। स्क्रीन पर आंखें गड़ा दीं। कुछ ही देर में शूटआउट का वीडियो भी आ गया।

वह बुदबुदाए.. अरे यह तो लवलेश लगता है। धड़कनें बढ़ गईं। टीवी पर दोबारा वही वीडियो प्ले हुआ। देखते ही वह चीख पड़े… अरे आशा जल्दी आओ… देखो… हे भगवान.. लवलेश ने यह क्या कर डाला..। अतीक-अशरफ की हत्या करने वाले तीन शूटरों में से एक लवलेश इन्हीं यज्ञ कुमार तिवारी का तीसरे नंबर का बेटा है। लवलेश के छोटे भाई वेद के मुताबिक पूरी रात हम सब जागते रहे। फुटेज बार-बार देखे। पिता उसे पहचान गए थे पर मुझे और मां को संदेह था।

पथरी का दर्द भूल पत्थर हो गई मां वेद के मुताबिक मां आशा देवी को अक्सर पथरी का दर्द उठता है। शनिवार रात भी उन्हें तेज दर्द था। हत्याकांड में बेटे लवलेश के शामिल होने का फुटेज देख अचेत होने लगीं। ऐसा सदमा लगा कि पथरी का दर्द ही बिसर गया। पूरा घर सारी रात जागा। सुबह पिता यज्ञ कुमार तिवारी किराए के घर के गलियारे में खामोश बैठ गए। आंगन में तख्त पर बैठी लवलेश की मां आशा तिवारी रोने लगीं। कहा-बेटा ऐसा करेगा, इसका अंदेशा भी नहीं था।

हफ्तेभर पहले घर पहुंचा था लवलेश भाई वेद तिवारी ने ने बताया हफ्तेभर पहले लवलेश घर आया था। रात भर रुका था। दूसरे दिन चला गया। इसके बाद से घर नहीं आया। जब कभी उसे कॉल की गई तो मोबाइल ऑफ बताता। सुबह पौने ग्यारह बजे सीओ गवेंद्र पाल सिंह गौतम फोर्स के साथ पहुंचे। परिवार से जानकारी ली।

छेड़छाड़ और गैर इरादतन हत्या में काटी जेल

बांदा। लवलेश तिवारी का आपराधिक रिकार्ड रहा है। चार मुकदमे दर्ज हैं। 26 साल की उम्र में दो बार जेल जा चुका है। पहली बार डेढ़ साल तक नाबालिग किशोरी से छेड़छाड़ और दूसरी बार गैर इरादतन हत्या के मामले में एक माह तक जेल काटी। शहर कोतवाली में लवलेश के खिलाफ तीन और बबेरू कोतवाली में अवैध शराब के साथ पकड़े जाने की रिपोर्ट दर्ज है। पहला मामला वर्ष 2020 में छेड़छाड़, गालीगलौज, धमकी और पाक्सो का दर्ज हुआ था। अपने घर के पास ही सरेराह एक किशोरी से छेड़छाड़ की थी। उसके विरोध पर सरेराह थप्पड़ जड़ दिया था।

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

यह खबर /लेख मेरे ( निशाकांत शर्मा ) द्वारा प्रकाशित किया गया है इस खबर के सम्बंधित किसी भी वाद - विवाद के लिए में खुद जिम्मेदार होंगा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks