ऑपरेशन से महिला की जान पर बनी, बचाई गई, रिपोर्ट योगेश मुदगल

एटा – किसी अप्रशिक्षित की तरह ऑपरेशन करने की वजह से एक महिला की जान पर बन आई। आगरा में एक निजी अस्पताल में डॉक्टर ने दोबारा ऑपरेशन कर महिला की बच्चेदानी निकाल उसे स्वस्थ किया। उधर पीड़िता के पति का आरोप है कि एटा में ऑपरेशन के दौरान पत्नी के पेट में कैंची छोड़ दी गई थी। हालांकि आगरा के डॉक्टर ने इससे इनकार किया है। पीड़िता के पति ने कोतवाली जलेसर में जाकर तहरीर दी है।
कोतवाली जलेसर के गांव रेजुआ निवासी सुनील ने शिकायत करते हुए बताया कि चार अप्रैल को प्रसव पीड़ा होने पर पत्नी को स्टेशन रोड स्थित क्लीनिक पर भर्ती कराया। आरोप लगाया कि हॉस्पिटल संचालक ने कहा बिना ऑपरेशन डिलीवरी नहीं होगी। 32 हजार रुपये जमा करने होंगे। रुपये जमा करने के बाद ऑपरेशन कर दिया। इस दौरान खून बहने लगा। संचालक, चिकित्सक आगरा स्थित हॉस्पिटल ले गए। आगरा के चिकित्सक ने बताया कि पत्नी की बच्चेदानी कट गई है फिर से ऑपरेशन करना होगा। आगरा मेंमल्होत्रा नर्सिंग होम में फिर से ऑपरेशन हुआ। वहां के डॉक्टर सचिन मल्होत्रा ने बताया कि बच्चेदानी बुरी तरह कटी हुई थी। महिला को बचाने के लिए उसकी बच्चेदानी हटानी पड़ी। पति ने कोतवाली जलेसर में जाकर शिकायत दी है।
इस संबंध में अभी तक हमें कोई भी शिकायती पत्र नहीं मिला है। सुबह इस मामले की जांच कराई जाएगी। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-डॉ. उमेश त्रिपाठी, सीएमओ एटा