
*असद ने ब्रिटिश बुलडॉग रिवाल्वर से झोंका था पुलिस टीम पर फायर*
एसटीएफ ने असद के पास से अत्याधुनिक ब्रिटिश बुलडॉग रिवाल्वर बरामद की है। यह अत्याधुनिक विदेशी पिस्टल है। एक राउंड में 12 फायर इस पिस्टल से किए जा सकते हैं। असद ने इसी पिस्टल से एसटीएफ पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। जिसके जवाबी कार्रवाई में असद मारा गया। वहीं, उसके साथी गुलाम के पास वाल्थर पी 88 पिस्टल थी।
यह भी अत्याधुनिक स्वचालित विदेशी पिस्टल है मकसूद ने भी 12 राउंड फायर किए थे। एसटीएफ टीम में 2 कमांडो भी मौजूद थे। उनके पास स्वचालित हथियार थे। कमांडो ने भी जवाबी फायरिंग की जिसमें असद और गुलाम ढेर हो गए। दोनों के शव पुलिस ने कब्जे में लेकर उसे मेडिकल कॉलेज भिजवाया है। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एसएसपी राजेश एस समेत अन्य मौके पर पहुंच गए।
*यह यूपी पुलिस और STF के लिए ज़रूरी केस था- अमिताभ*
अतीक अहमद के बेटे असद अहमद के एनकाउंटर पर यूपी STF के ADG अमिताभ यश ने कहा कि यह यूपी पुलिस और STF के लिए ज़रूरी केस था क्योंकि एक केस में एक मुख्य गवाह जिसे यूपी पुलिस ने सुरक्षा प्रदान की थी उसकी हत्या कर दी गई थी। इस केस में आज दो शूटर को एनकाउंटर में मारा गया। इनके पास से परिष्कृत विदेशी हथियार मिले।
*हत्यारों को सजा मिलना तय था-केशव प्रसाद मौर्य*
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केपी मौर्य ने पूर्व सांसद अतीक अहमद के बेटे असद और सहयोगी के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने के बाद यूपी एसटीएफ को बधाई दी है। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि हत्यारों को सजा मिलना तय था। उन्होंने कहा कि अपराधियों के साथ अपराधी जैसा व्यहवार होना चाहिए।
*आज दिल को सुकून मिला है- जया पाल*
उमेश पाल की पत्नी जया ने कहा कि इंसाफ की शुरुआत हो गई है। जो हुआ अच्छा हुआ। उन्होंने कहा कि आज दिल को सुकून मिला है। अतीक का भी हो एनकाउंटर तब होगा असली न्याय मिलेगा।
*यह भी पढ़ें: Atiq Ahmed: बेटे असद के एनकाउंटर की खबर सुन कोर्ट रूम में रोया अतीक, अशरफ ने संभाला; लगे योगी जिंदाबाद के नारे*
*एनकाउंटर से बहुत सुकून मिला है- शांतिपाल*
उमेश पाल की मां शांतिपाल ने कहा कि हम तो पहले से मांग कर रहे थे कि उनका एनकाउंटर किया जाए। योगी जी का बहुत-बहुत धन्यवाद जो उनका एनकाउंटर किया गया। पुलिस ने अपना फर्ज अदा किया है जो उन्हें करना चाहिए था। जो भी हुआ है वह कानूनी आधार पर फैसला हुआ है। यह लोग इतने दिन से भागदौड़ कर रहे थे। पुलिस ने उनको अंजाम तक पहुंचा दिया है। मुख्यमंत्री जी का बहुत आभार है, बहुत अच्छा फैसला किया है मेरी आत्मा को संतुष्टि मिली है। इन्होंने मेरे बेटे और उसके पीछे बैठे गनर को गोलियां मारी थीं। आज एनकाउंटर से बहुत सुकून मिला है।
*सीएम योगी ने एसटीएफ को दी बधाई*
उमेश पाल हत्याकांड में फरार चल रहा माफिया अतीक अहमद का बेटा असद अहमद और शूटर गुलाम के एनकाउंटर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अधिकारियों की तारीफ की और वरिष्ठ अफसरों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री योगी ने यूपीएसटीएफ के साथ, यूपी डीजीपी, स्पेशल डीजी और पूरी पुलिस टीम की सराहना की। प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद ने इस एनकाउंटर की जानकारी मुख्यमंत्री योगी को दी। इस पूरे मामले की रिपोर्ट मुख्यमंत्री योगी को सौंप दी गई है।