दर्दनाक मैनपुरी में स्कूल के हैंडपंप में करंट से पानी पीते बच्चे की मौत

दर्दनाक मैनपुरी में स्कूल के हैंडपंप में करंट से पानी पीते बच्चे की मौत, रिपोर्ट योगेश मुदगल

करहल (मैनपुरी), कार्यालय संवाददाता। स्कूल प्रशासन की लापरवाही एक बच्चे की जान ले गई। कंपोजिट विद्यालय परिसर में लगे हैंडपंप में करंट उतरने से पानी पी रहे बच्चे की मौत हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने शिक्षकों को पीटकर बंधक बना लिया। बाद में अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर उन्हें सुरक्षित निकाला। पिता ने प्रधानाध्यापक समेत चार और स्टाफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
मामला करहल के ग्राम मनौना स्थित कंपोजिट विद्यालय स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का है। सोमवार की सुबह मनौना निवासी छविराम का 6 वर्षीय पुत्र अंशू वहां पढ़ने गया था। पूर्वाह्न करीब 11 बजे मिड डे मील के बाद वह पानी पीने हैंडपंप पर पहुंचा। जैसे ही उसने हैंडपंप छुआ वह करंट लगने से अचेत हो गया। जब तक वहां लोग कुछ समझ पाते उसकी छटपटाकर मौत हो गई।

अंशू की मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीणों में आक्रोश पनप गया। उन्होंने स्कूल पहुंचकर शिक्षकों पर हमला बोल दिया और उन्हें बुरी तरह पीट डाला। शिक्षकों के वाहन तोड़ डाले। डरे-सहमे शिक्षकों ने अपने को कमरे में बंद कर लिया तो ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया। ये सूचना सीओ चंद्रकेश सिंह को मिली तो उन्होंने करहल और बरनाहल पुलिस को बुला लिया। ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे शिक्षकों पर कार्रवाई की मांग करते हुए शव नहीं उठने दे रहे थे। करीब चार घंटे चली मशक्कत के बाद सीओ ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में बंधक बनाए गए शिक्षकों को कमरे से निकाला और थाने भिजवा दिया। मृतक के पिता छविराम ने स्कूल के प्रधानाध्यापक नेपाल सिंह, शिक्षक ललित कुमार, हेमलता, लक्ष्मी और स्टाफ के खिलाफ इनकी लापरवाही के चलते मौत का मामला दर्ज कराया है।

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

यह खबर /लेख मेरे ( निशाकांत शर्मा ) द्वारा प्रकाशित किया गया है इस खबर के सम्बंधित किसी भी वाद - विवाद के लिए में खुद जिम्मेदार होंगा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks