● डरने की जरूरत नहीं प्रो. मणीन्द
● संक्रमित लोग गंभीर बीमार नहीं होंगे
*खांसी-जुकाम की तरह चला जाएगा कोरोना, रिपोर्ट योगेश मुदगल

कानपुर, वरिष्ठ संवाददाता। देश में बढ़ रहे कोरोना संक्रमण से डरने की जरूरत नहीं है। यह सामान्य खांसी-जुकाम की तरह रहेगा और चला जाएगा। वर्तमान में बढ़ रहे कोरोना के आंकड़े सिर्फ संख्या हैं। इतनी बड़ी आबादी में 30 या 40 केस मिलना कोई गंभीर बात नहीं है। यह सिर्फ नेचुरल इम्युनिटी के उतार-चढ़ाव के कारण है। यह बात आईआईटी के वरिष्ठ वैज्ञानिक व कोरोना संक्रमण की विभिन्न लहरों में गणितीय मॉडल सूत्र से सही आकलन करने वाले प्रो. मणींद्र अग्रवाल ने कही।
उन्होंने कहा कि बीते कुछ दिनों से कोरोना के केस बढ़ रहे हैं। चार गुना या 10 गुना केस बढ़ना भी खतरनाक नहीं है। क्योंकि वर्तमान में कोरोना संक्रमण से पीड़ित मरीजों की संख्या प्रदेश के किसी भी जिले में 100 तक भी नहीं है। ऐसे में इतनी बड़ी आबादी के बीच 10 या 20 केस एक्टिव होना कोई खतरा नहीं है। कोरोना भी एक फ्लू है, जिसका असर हमेशा दिखाई देगा। वर्तमान में आने वाले मरीज भी पूर्व की भांति कोरोना से सीरियस कंडीशन में नहीं हैं।
प्रो. अग्रवाल ने कहा कि फ्लू होने या कोरोना से संक्रमित होने पर घबराने की आवश्यकता नहीं है। सिर्फ समय पर डॉक्टर से सलाह लें और दवा खाएं। कोरोना से बचाव का पूरा पालन करें और प्रतिरोधक क्षमता पर विशेष ध्यान रखें। गंभीर बीमारी से ग्रसित और बुजुर्ग व बच्चे सतर्क रहें। कोरोना अब सामान्य फ्लू की तरह ही रहेगा। बता दें कि बीते दिनों देश में संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है।