दो लाख वसूलने के लिए आईपीएल सट्टेबाज बताकर युवक उठाया, भड़के ग्रामीणों ने थाना घेरा
सट्टे के शक में पति पकड़ा, पत्नी ने दी जान, रिपोर्ट योगेश मुदगल

आगरा, प्रमुख संवाददाता। आईपीएल सट्टे के नाम पर एक युवक को हिरासत में लेकर दो लाख रुपये वसूलने की पुलिस की कोशिश पर मंगलवार को बवाल हो गया। युवक को सरैंधी पुलिस चौकी ले जाकर थर्ड डिग्री दी गई। इसी दौरान पुलिस के गुर्गों ने युवक की पत्नी को पति के एनकाउंटर में मारे जाने की सूचना देकर दो लाख रुपये की मांग की। इधर, पति की मौत की सूचना पर पत्नी ने जहर खाकर खुदकुशी कर ली। महिला की मौत पर भड़के ग्रामीणों ने थाना घेरकर हंगामा कर डाला। बवाल बढ़ने पर पुलिस कमिश्नर ने एक उपनिरीक्षक और तीन सिपाहियों को निलंबित कर दिया है।
पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने बताया कि गांव नौनी निवासी मनोज शर्मा के पास सोमवार शाम करीब पौने आठ बजे गांव के ही युवक काकी परमार का फोन आया। उसने आईपीएल सट्टा खेलने को कहा। फोन काटने पर नगला मोहरपाल निवासी रवि पचौरी का कॉल आया। मनोज को उससे 20 हजार रुपये लेने थे। उसने रुपये लेने रहनाबाई माता मंदिर के पास बुलाया। मनोज वहां पहुंचा तो कुछ लोगों ने घेर लिया। तीन पुलिस की वर्दी में थे। आरोप है कि उसे सरैंधी चौकी ले जाकर बेरहमी से पीटा। छोड़ने के एवज में दो लाख रुपये मांगे।
मनोज ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि, रवि पचौरी ने रात 10.30 बजे उसकी पत्नी अनीता (38 वर्ष) को फोन करके उसके पुलिस एनकाउंटर में मारे जाने की सूचना दी। इस सदमे में अनीता ने सल्फास खा लिया। परिजनों ने उसकी मौत की सूचना पुलिस चौकी पर दी। पुलिस ने मंगलवार सुबह मनोज को छोड़ दिया। इससे पहले उसका वीडियो बनाया। कहलवाया कि ‘आईपीएल का सट्टा करता हूं। अब नहीं करूंगा। माफ कर दो।
पुलिस कर्मियों को बचाया तहरीर में मनोज ने आरोप लगाया है कि आईपीएल सट्टे के शक में पुलिस ने अपने एजेंटों के माध्यम से उसको फोन करके बुलाया था। इसके बाद चौकी में ले जाकर थर्ड डिग्री दी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में एक दारोगा और तीन सिपाहियों को भले निलंबित कर दिया गया हो। पर दो गुर्गों को अपहरण और फिरौती के अभियोग में नामजद करने के साथ पुलिसकर्मियों को नामजद नहीं किया गया है। पुलिस उपायुक्त पश्चिमी जोन सोनम कुमार का कहना है कि सिपाहियों की भूमिका की जांच की जाएगी, युवक को क्यों पकड़ा गया था, यह पता किया जा रहा है।
पुलिस आयुक्त डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने कहा कि एसीपी खेरागढ़ महेश कुमार की प्राथमिक रिपोर्ट के आधार पर चौकी सरेंधी पर तैनात दरोगा इजहार अहमद, सिपाही सागर चौधरी, नीरज कुमार, कुलदीप कुमार को निलंबित कर दिया है। विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
निलंबित पुलिसवालों की विभागीय जांच भी होगी
एसीपी खेरागढ़ महेश कुमार को जांच के लिए भेजा गया। सवाल उठा कि रात को सट्टे के शक में किसी को पकड़ा तो थाने पर सूचना क्यों नहीं दी। आरोपित सट्टेबाज था तो थाने ले जाकर जीडी में एंट्री क्यों नहीं कराई। आरोपित को चौकी पर क्यों पीटा। पुलिस कर्मियों के पास जवाब नहीं थे। एसीपी खेरागढ़ की प्राथमिक रिपोर्ट के आधार पर पुलिस आयुक्त ने चौकी सरेंधी पर तैनात दरोगा इजहार अहमद, सिपाही सागर चौधरी, नीरज कुमार, कुलदीप कुमार को निलंबित कर दिया। इनकी विभागीय जांच भी होगी।