सामुदायिक शौचालय के केयरटेकर अब करेंगे स्कूलों की सफाई, रिपोर्ट योगेश मुदगल

एटा, । कलक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को गोवंश आश्रय स्थल, मनरेगा, पेंशन प्रकरण एवं स्वच्छता समिति समीक्षा बैठक हुई। बैठक में डीएम ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र सामुदायिक शौचालय के केयरटेकर से विद्यालय में साफ-सफाई कार्य कराने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में डीएम ने निर्देश दिए कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में सामुदायिक शौचालयों की देखभाल को तैनात केयरटेकर से नजदीकी विद्यालयों में साफ सफाई कार्य कराया जाए। विद्यालय के प्रधानाध्यापक से उपस्थिति प्रमाणित होने के बाद ही एसएचजी के केयरटेकर का मानदेय भुगतान किया जाए। माध्यमिक विद्यालयों की बाउंड्रीवाल निमार्ण कार्य का शुभारंभ एक साथ पांच अप्रैल को किया जाएगा। डीसी मनरेगा यह सुनिश्चित करें कि शासन के निर्देश के क्रम में मनरेगा जॉबकार्ड का सत्यापन कार्य अतिशीघ्र पूर्ण किया जाए। बैठक में सीडीओ डॉ. एके बाजपेयी, एडीएम प्रशासन आलोक कुमार, एएसपी धनंजय सिंह कुशवाह, सीवीओ एके सिंह, डीसी मनरेगा प्रभूदयाल, डीपीआरओ केके सिंह, सभी बीडीओ, अधिशासी अधिकारी मौजूद रहे।