
पथरी के ऑपरेशन में काटी गलत नस, महिला की मौत
(एटा), । पथरी के ऑपरेशन में लापरवाही बरतने से महिला की मौत हो गई। पति गलत नस काटने से पत्नी की मौत होने की रिपोर्ट कथित डॉक्टर के खिलाफ दर्ज कराई है। पुलिस ने महिला के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जैथरा के गांव अल्लापुर निवासी अंगद सिंह ने थाना नयागांव में रिपोर्ट दर्ज कराई कि पत्नी रेनू (30) के पेट में पथरी थी। वह डॉ. आरिफ खान के पास पहुंचा जो सराय अगहत में ग्रामीण नर्सिग होम नाम से क्लीनिक चलाते हैं। उन्होंने ऑपरेशन की बात कही थी। दिसंबर में ऑपरेशन किया, लेकिन उसके दो दिन बाद ही महिला की हालत बिगड़ने लगी। इस पर आगरा स्थित एक अस्पताल में भेज दिया। पुलिस के अनुसार आगरा में हॉस्पिटल के चिकित्सक ने पति अंगद को बताया कि ऑपरेशन के दौरान गलत नस कट गई है, जिसके बाद परिजन महिला को गांव ले आए थे। शुक्रवार सुबह महिला की मौत हो गई। पति की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। नयागांव पुलिस ने बताया, शिकायत पर नर्सिग होम संचालक डॉ. आरिफ खान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। क्लीनिक से बोर्ड हटाकर कथित डॉक्टर फरार हो गया है।