
पुलिस ने कराई शादी की रस्म पूरी, पीड़ित ने थाने में दी नामजद तहरीर, पुलिस ने किया मुकदमा दर्ज
दलित की बारात चढ़ने से रोकी, सात पर केस
एटा/मारहरा, कार्यालय संवाददाता। गाजियाबाद से दलित की बेटी की बारात को गांव के कुछ दंबगों ने चढ़ने से रोक दिया। बेटी के परिजनों ने जब इसका विरोध किया तो मारपीट कर घायल कर दिया। शादी के घर के लोग दहशत में आ गए। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस की निगरानी में बारात चढ़ सकी। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
थाना मारहरा क्षेत्र के गांव लालपुर देहामाफी निवासी रामप्रकाश पुत्र इतवारी लाल की पुत्री की गाजियाबाद में शादी तय हुई थी। धूमधाम से बाराती गांव में बारात लेकर पहुंच गए। गुरूवार की रात्रि बैंड बजना शुरू हुआ तो बाराती नाचने गाने लगे। दूल्हा और बाराती गांव में आगे बढ़े तो गांव के ही दंबगों ने विरोध कर दिया कि बारात गांव में नहीं जाएंगी। इतना ही नहीं बारात को चढ़ने से रोक दिया। बारात ना चढ़ने की बात सुन गांव में दलित समाज के लोग एकत्रित हो गए। उन्होंने बारात चढ़ने के लिए फिर से आगे बढ़ाई तो मारपीट शुरू कर दी गई। गाजियाबाद से आए बाराती यह घटनाक्रम देख डर गए। इसमें करीब आठ दस लोग मारपीट में घायल हो गए। बारात में अफरा-तफरी मच गई। मामले की जानकारी थाना पुलिस को दी गयी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस गांव में पहुंच गई। पुलिस फोर्स के बारात को गांव में चढ़वाया। चर्चा है कि पुलिस के चले जाने के बाद लोगों ने फिर से मारपीट कर दी। लड़की पक्ष की ओर से दो दर्जन से अधिक गांव के लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया।
सीओ सदर सुधांशु शेखर ने कहा कि शिकायत मिलने पर इस मामले में मुकदमा पंजीकृत कराया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
इन लोगों को किया नामजद
एटा। रामप्रकाश की ओर से दर्ज कराए गए मुकदमे में सात लोगों को नामजद किया गया है। इसमें करू पुत्र मुन्नालाल, विवेक, कौशल पुत्रगण डिप्पी, टिंकू पुत्र राजकुमार, बॉबी पुत्र ओमवीर, टिंकू पुत्र बंटी, शिवम पुत्र वीरेश सिकरवार के नाम शामिल है।