
जल मिशन के तहत नौकरी लगवाने का दिया था झांसा, पैसे मांगे तो दी धमकी
नौकरी दिलाने के नाम पर 90 युवाओं से ठगे तीन करोड़ रुपये
एटा,अलीगंज, । युवाओं को नौकरी दिलवाने के नाम पर करोड़ों रूपये ठग लिए। रूपये देने के बाद भी नौकरी न लगने के बाद युवाओं ने रूपये वापस मांगे तो युवाओं को रूपये भी नहीं मिले है। मामले की शिकायत डीएम कार्यालय में की गई। अलीगंज पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एक दिन में 19 शिकायतकर्ताओं ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। आरोपी पर गालियां देने और धमकी देने का भी आरोप है।
कोतवाली अलीगंज के गांव नगला मधई निवासी नेपाल सिंह पुत्र धर्म सिंह कस्बा में लोकवाणी केंद्र चलाते हैं। इसी के पास आजम खां नाम का व्यक्ति आकर बैठता था। यह एक एनजीओ चलाने की बात कहता था। पीड़ित के अनुसार जल मिशन के तहत हर गांव में पानी की ओवरहैंड टैंक बनाए जा रहे हैं। इन पर दो-दो ऑपरेटर, एक महिला स्वास्थ्य कर्मी और सुपरवाइजर की नियुक्ति ब्लॉकों पर होगी जो उसके माध्यम कराई जाएंगी। आजम खां के साथ रूबी शाक्य भी अपने को अलीगंज ब्लॉक कर्मचारी बताती है। दोनों ने नेपाल सिंह से कहा कि दो माह के अंदर नियुक्तियां होनी है अपने परिचितों को नौकरी दिलवा सकते हैं। पीड़ित दोनों के झांसे में आ गया। नौकरी के लालच में रूपये दे दिए है। इतना ही नहीं ठगी की शिकार हुई युवतियों ने बताया कि सुपरवाइजर की नौकरी के लिए उनसे भी 30 हजार रुपया लिए गए। आरोप है कि कई गांव में जाकर युवाओं को नौकरी का झांसा दिया और लोकवाणी केंद्र लेकर आते थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान दोनों ने करीब 90 युवाओं से नौकरी के नाम पर रूपये ठग लिए है। नौकरी न लगने पर पीड़ित ने रूपये मांगे। रूपये देने से इंकार कर दिया है। मामले की शिकायत डीएम कार्यालय, एसएसपी कार्यालय की गई। जिसके बाद अलीगंज पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इन पीड़िताओं ने यह कहा
गांव तिसौली निवासी स्वेता मिश्रा ने बताया कि स्वास्थ्य सखी में नौकरी लगवाने के लिये रूपये नेपाल सिंह के माध्यम से गए है। ब्लॉक में मीटिंग भी हुई थी। लेकिन समय बीतने के बाद अब तक न नौकरी लगी और न ही पैसे वापस किए गए है।
गांव विजेदेपुर निवासी कौशकी राजपूत का कहना है कि स्वास्थ्य सखी, भाई की नौकर लगवाने के लिए रूपये नेपाल को दिए थे वह लगातार वायदा करते रहे कि जल्द पैसे वापिस होंगे। नोकरी के नाम पर उक्त तीनों लोगों ने बैठक की थी। कई माह बाद भी नौकरी नहीं लग पाई है।
काम हो रहा है, यह देख लो प्रमाण
अलीगंज। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि जब भी वह नौकरी न लगने की बात कहते थे आजम एक पीडीएफ डालता था। इसमें दस्तावेज, फॉर्म हुआ करते थे। उन्हें भेजकर कहता था कि काम चल रहा है जल्द ही नौकरी लग जाएंगी।
एडीएम कार्यालय में प्रार्थनापत्र दिया गया था। जिसकी जांच के लिए अलीगंज पुलिस को आदेशित किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। सबूतों के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। अभी तक 19 युवाओं ने नौकरी के नाम पर ठगी करने का प्रार्थनापत्र दिया है।
प्रेमपाल सिंह, एसएचओ अलीगंज एटा