चारा मशीन हटाने के विवाद में वृद्ध पर किया हमला, मौत , रिपोर्ट योगेश मुदगल

एटा,जैथरा, । चारा मशीन हटाने के विवाद में वृद्ध पर हमला कर दिया। हमले में घायल वृद्ध की इलाज के दौरान मौत हो गई। बेटा ने तीन आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना जैथरा के गांव वरना निवासी मालती देवी ने बताया कि परिवार के ही दयानंद ने उनके जाने वाले रास्ते पर चारा काटने वाली मशीन लगा दी थी। मशीन रास्ते में न लगाने को कहा था। आरोप है कि इसी बात पर आरोपियों ने पति मौजीराम (65) पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें वह घायल हो गए। घर पर ही उपचार चल रहा था। मंगलवार को इलाज के दौरान वृद्ध की मौत हो गई। जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बेटा नवीन चन्द्र ने आरोपी दयानंद, इसकी पत्नी सबेककली, बेटी के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसएचओ रामेन्द्र शुक्ला का कहना है कि वृद्ध की मौत पर बेटा ने तहरीर दी है। जिस पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।