ED ने शारदा चिट फंड मामले में पी चिदंबरम की पत्नी सहित कई की संपंत्ति कुर्क की

शारदा चिट फंड मामले में ईडी ने कार्रवाई की है. ईडी ने पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री और कांग्रेस नेता पी चिदंबरम की पत्नी नलिनी चिदंबरम, पूर्व IPS अधिकारी व CPM के पूर्व विधायक देबेंद्रनाथ बिस्वास और असम के पूर्व कैबिनेट मंत्री रहे अंजन दत्त की कंपनी की 6 करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति कुर्क की है. ईडी ने बताया कि मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत 3.30 करोड़ रुपए की चल संपत्ति और 3 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति कुर्क करने का अस्थायी आदेश जारी किया गया था.
मनी लॉन्ड्रिंग का यह मामला 2013 तक पश्चिम बंगाल, असम और ओडिशा में शारदा समूह द्वारा कथित चिट फंड घोटाले से संबंधित है. ईडी के अनुसार शारदा ग्रुप की कंपनी ने लगभग 2,459 करोड़ रुपए जुटाए हैं, जिसमें से लगभग 1,983 करोड़ रुपए अब तक जमाकर्ताओं को ब्याज राशि को छोड़कर बकाया है. ईडी इस मामले में अब तक करीब 600 करोड़ रुपए की संपत्ति कुर्क कर चुका है.