आगामी बजट जन आकांक्षाओं के अनुरूप होगा ना कि मात्र सरकार के खजाने व उद्योगपति घराने को लाभ देने वाला।
संजीव सिंह बिल्लू

आगामी 1 फरवरी 2023 को आने वाले केंद्रीय बजट को लेकर काशी के व्यापारियों की अपेक्षाएं,परेशानियां एवं सुझाव हेतु सिगरा स्थित अशोक नगर कॉलोनी के गुरुद्वारे हाल में आज दिनांक 24 जनवरी 2023 दिन मंगलवार को अपरान्ह 3 बजे ” बजट चौपाल “का आयोजन किया गया | बजट चौपाल की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष संजीव सिंह बिल्लू एवं संचालन उपाध्यक्ष राकेश मिड्ढा ने किया |
चौपाल में फर्नीचर व्यापारी यादवेंद्र सिंह ने कंपनी निर्मित एवं हस्त निर्मित फर्नीचर के टैक्स भिन्नता को अनुचित ठहराया एवं मांग किया कि हस्तनिर्मित फर्नीचर को लघु उद्योग सेक्टर में शामिल किया जाए |
होटल व्यवसाई घनश्याम जायसवाल ने छोटे होटल,
धर्मशाला लॉज आदि पर 12 % टैक्स को अव्यावहारिक ठहराते हुए कहा कि इस टैक्स के दबाव से जहां एक तरफ छोटे होटल व्यवसाई खत्म हो रहे हैं वही बड़े होटल ग्रुप पुष्पित पल्लवित हो रहे हैं |
आम आदमी की जरूरत सीमेंट पर जीएसटी में राहत की मांग को सीमेंट व्यवसाई लकी वर्मा ने समय की जरूरत बताया ताकि हर व्यक्ति को सर ढकने के लिए छत मिल सके |
टॉफी व लेमनचूस व्यवसाई अशोक अग्रहरि ने कंपट को पूर्व की भांति टैक्स फ्री करने की मांग को जायज ठहराया ताकि अत्यंत सीमांत व छोटे व्यवसाई की parle व कैडबरीज के सामने जीविका बची रहे |
दवा व्यवसाई शरद वर्मा ने ऑनलाइन से दवा व्यवसाय पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों की तरफ ध्यानाकर्षण किया एवं मांग किया की सरकारी खजाने को टैक्स से भरने वाले व्यापारियों का भी निशुल्क चिकित्सा हेतु मेडिकल कार्ड बनाया जाए |
टेंट व्यवसाई मनोज रावत ने टेंट एवं कैटरिंग व्यवसाय के साथ होटल सेक्टर की प्रतिस्पर्धा के कारण टेंट व्यवसाय को होने वाली हानि की तरफ चौपाल का ध्यान खींचा |
संस्था के उपाध्यक्ष राजेश त्रिवेदी,संचालन कर रहे राकेश मिड्ढा सहित पूरे सदन ने समवेत स्वर से व्यापारी आयोग एवं व्यापारी पेंशन की पुरजोर मांग की |
अध्यक्षता कर रहे संजीव सिंह बिल्लू ने वित्त मंत्री जी से बजट को हिंदी में पेश करने का आग्रह किया एवं अपेक्षा किया कि ” आगामी बजट जन आकांक्षाओं के अनुरूप होगा ना की मात्र सरकार के खजाने व उद्योगपति घराने को लाभ देने वाला। धन्यवाद ज्ञापन करते हुए महामंत्री प्रतीक गुप्ता ने मंडी टैक्स को औचित्यहिन बताते हुए इसे तुरंत समाप्त करने की मांग की ।
मुख्यरूप से – अभिषेक राय “CA”,नन्द किशोर अरोड़ा, सिंधु सोनकर, राकेश गुप्ता,गुलशन कपूर,पंकज पटेल,अनिल बाधवा,रविन्द्र,नरेश,राधेश्याम गोंड,मनीष यादव,जय किशन गुप्ता, चंद्रप्रकाश आदि शामिल हुए।