सामूहिक दुष्कर्म में 20 साल सजा,कासगंज जनपद की खास खबरे

सामूहिक दुष्कर्म में 20 साल सजा, रिपोर्ट योगेश मुदगल

कासगंज, संवाद। पाक्सो कोर्ट ने सामूहिक दुष्कृत्य के आरोपी को दोषी पाते हुए 20 वर्ष के करावास व 50 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। अर्थदंड में से 20 हजार रुपये पीड़िता को देने के आदेश भी न्यायालय ने दिए हैं।

पुलिस के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की किशोरी को देवेंद्र व एक अन्य 13 जून 2015 बहला-फुसलाकर ले गए थे। पुलिस ने आरोपी देवेंद्र व उसके दो साथी के विरुद्ध पाक्सो एक्ट व अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। किशोरी को बरामद करने के बाद उसके कोर्ट में बयान कराए। पुलिस ने इस मामले में देवेंद्र व अन्य के विरुद्ध आरोपी पत्र दाखिल कर दिया। एक आरोपी नाबालिग होने की वजह से उसका मामला किशोर न्याय बोर्ड में भेज दिया गया। कोर्ट ने देवेंद्र के मामले में सुनवाई की। दोनों पक्षों को सुनने के बाद पाक्सो कोर्ट ने देवेंद्र को 20 वर्ष के कारावास व 50 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। एसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि पुलिस ने कोर्ट में लगातार पैरवी की। जांच में साक्ष्य जुटाकर कोर्ट में पेश किए। अभियोजन पक्ष की ओर से पैरवी की गई। कोर्ट ने इस मामले में आरोपी को दोषसिद्ध होने पर 20 वर्ष की सजा सुनाई है।

क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज बनाने की मांग
गंजडुंडवारा। कस्बा के एटा रोड स्थित रेलवे क्रासिंग पर ओवरब्रिज बनवाने की मांग सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी ने डीएम से की है। सोमवार को मांग को लेकर अब्दुल हफीज गांधी प्रतिनिधि मंडल के साथ डीएम कार्यालय पहुंचे। डीएम हर्षिता माथुर को मांगपत्र सौंपा। इसमें गंजडुंडवारा कस्बा में एटा रोड पर जाम की समस्या से अवगत कराया और रेलवे क्रासिंग पर ओवरब्रिज बनवाने की मांग की।
किसानों के गत वर्ष के गन्ना का हुआ भुगतान
कासगंज। न्यौली शुगर मिल ने गन्ना किसानों को सत्र 2020-21 का शतप्रतिशत भुगतान कर दिया है। शुगर मिल ने गत वर्ष 16.71 लाख कुंटल गन्ना की पिराई की थी। जिसका किसानों को 58.12 लाख रुपये का भुगतान कर दिया गया है। जिला कृषि अधिकारी ओपी सिंह ने बताया कि किसानों को गत वर्ष का बकाया भुगतान शतप्रतिशत कर दिया गया है। किसानों को इस वर्ष का भी भुगतान मिल के द्वारा शीघ्र शुरू किया जाएगा।

बच्ची की तलाश में जुटी पुलिस की टीमें

कासगंज। सहावर थाना इलाके के गांव रोशन नगर से विगत पांच दिनों पूर्व पांच साल की बालिका घर पर खेलते खेलते हुए लापता हो गई। परिवारीजनों ने बच्ची को काफी तलाशा, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने बताया कि, पुलिस टीम गहनता से बच्ची की तलाश करने में लगी है। उन्होंने बताया कि, प्रयास किये जा रहे हैं, जल्द ही बच्ची का पता लगा लिया जाएगा।

ट्रक की टक्कर से बाइक सवार घायल

पटियाली। कस्बा के अलीगंज मार्ग बाइपास तिराहा पर ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार गांव गूदरागंज का निवासी वीरपाल व बीनपुर का निवासी आकाश बाइक से अपने गांव वापस जा रहे थे। उसी समय ट्रक की चपेट में आ गए और दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को उच्च स्वास्थ्य केंद्र रैफर किया गया है।

दंपति से मारपीट के मामले में रिपोर्ट

कासगंज। सोरों कोतवाली क्षेत्र के नगला गोस्वामी में पति-पत्नी से मारपीट के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। रिपोर्ट में उर्मिला पत्नी मुकेश गिरि ने बताया है कि घटना गत 12 नवम्बर 2022 की है। उसके जेठ अशोक गिरि ने उसके पशु खूटे से खोल दिए और अपने पशु बांधने लगे। उसकी बेटी के विरोध पर गाली गलौज की। उनके पति ने भी कहासुनी हो गई। इस पर अशोक, रानी, रंजीत, आकाश ने उसके पति से मारपीट की। वह बचाने पहुंची तो उसे भी मारापीटा।

छात्रा से की अभद्रता, रिपोर्ट दर्ज

कासगंज। सोरों कोतवाली क्षेत्र में डिग्री कॉलेज की छात्रा से नामजद युवक व उसके साथी ने अभद्रता की। छात्रा की शिकायत पर उसका भाई पहुंचा तो उसने गाली गलौज व अभद्रता का कारण पूछा। आरोप है कि इस पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। रिपोर्ट में युवक ने बताया है कि गत 19 जनवरी को डिग्री कॉलेज जाते समय उसकी बहन से गांव के ही वीरप्रताप व उसके साथी ने अभद्रता की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है।

मारपीट के मामले में रिपोर्ट दर्ज

कासगंज। सैलई स्वास्थ्य केंद्र से ड्यूटी कर अपने पति के साथ जा रही महिला से ट्रैक्टर चालक ने अभद्रता की। आरोप है कि सड़क पर चलते समय ट्रैक्टर से साइड मांगने के लिए हॉर्न बजाने पर कहासुनी हुई। इसके बाद आरोपी ट्रैक्टर चालक मुकेश, प्रवीन, शांति देवी व तीन अन्य लोगों ने मारपीट की। मामले में अंकित कुमार पुत्र सूरजपाल निवासी सलेमपुर लाला ढोलना की तहरीर के आधार पर पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

दहेज उत्पीड़न में वांछित तीन वारंटी गिरफ्तार

कासगंज। गंजडुंडवारा कोतवाली पुलिस ने दहेज उत्पीड़न के मामले में वांछित चल रहे तीन वारंटियों को गिरफ्तार किया है। इंस्पेक्टर हरिभान सिंह राठौर ने बताया कि नदीम, आसिफ, आरिफ पुत्रगण युसुफ निवासीगण मोहल्ला इमामबख्श गंजडुंडवारा के विरुद्ध कोतवाली में दहेज उत्पीड़न व मारपीट के तहत मामला दर्ज है। न्यायालय ने इनकी गिरफ्तारी के लिए वारंट जारी किया। इसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

माधव बने सहायक समीक्षा अधिकारी

कासगंज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के द्वारा आयोजित समीक्षा अधिकारी व सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा में सिढ़पुरा के गांव कलानी के रहने वाले माधव उपाध्याय का चयन हो गया है। वह सहायक समीक्षा अधिकारी के रूप में चयनित हुए हैं। परीक्षा में उन्होंने आठवीं रैंक हासिल की है। सिढ़पुरा के गांव कलानी के रहने वाले माधव के पिता हरिओम उपाध्याय किसान हैं। उनकी मां आशा देवी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। उन्होंने 12वीं की परीक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय एटा से पास की है। उसके बाद स्नातक की परीक्षा गंजडुंडवारा पीजी कालेज से की।

मानसिक रोग के लक्षण व उपचार बताए

गंजडुंडवारा। कस्बा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत शिविर लगाया गया। शिविर में 26 मानसिक रोगियों समेत 270 रोगियों को दवाएं दी गईं। सीएचसी परिसर में लगे शिविर में क्षेत्र से काफी संख्या में मानसिक व अन्य बीमारियों से जूझ रहे रोगी पहुंचे। चिकित्सकों की टीमों ने उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया। मानसिक रोगियों को तनाव से दूर रहने के बारे में बताया, और निशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराईं।

सपा नेता मौर्य पर कार्रवाई की मांग

सोरों। अखंड आर्यावर्त निर्माण संघ ने सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के द्वारा रामचरित मानस पर विवादित टिप्पणी की निंदा की है। संघ के पदाधिकारियों ने एसपी को शिकायत पत्र भेजकर सपा नेता पर कार्रवाई करने की मांग भी है। अखंड आर्यावर्त निर्माण संघ के अध्यक्ष भपेश शर्मा ने कहा कि रामचरित मानस हमारा पवित्र ग्रंथ है। सपा नेता के विवादित बयान से सनातन धर्म को मानने वालों की भावनाएं आहत हुईं हैं।

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

यह खबर /लेख मेरे ( निशाकांत शर्मा ) द्वारा प्रकाशित किया गया है इस खबर के सम्बंधित किसी भी वाद - विवाद के लिए में खुद जिम्मेदार होंगा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks