
एटा, 16 जनवरी (सू0वि0)। जिला पूर्ति अधिकारी ने सर्व साधारण को सूचित किया है कि आयुक्त, खाद्य एवं रसद विभाग, उ०प्र० द्वारा अवगत कराया गया है कि कतिपय जनपदों में उचित दर विक्रेताओं को खाद्यान्न का निर्गमन न होने के कारण, समस्त लाभार्थियों में खाद्यान्न का वितरण निर्धारित अन्तिम तिथि दिनांक 16.01.2023 तक कराया जाना सम्भव नहीं हो पाया है।
उक्त के दृष्टिगत जनहित में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 के अन्तर्गत अन्त्योदय एवं पात्र गृहस्थी लाभार्थियों को माह जनवरी 2023 में माह नवम्बर 2022 हेतु आवंटित नियमित योजना के खाद्यान्न का निःशुल्क वितरण हेतु अन्तिम तिथि में वृद्धि करते हुए दिनांक 18 जनवरी 2023 तक कर दी गयी है। अर्थात उक्त अवधि में ई०पॉस मशीन के माध्यम से आधार प्रमाणीकरण द्वारा लाभार्थियों को आवश्यक वस्तुओं का निःशुल्क वितरण किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि मोबाइल ओ०टी०पी० वेरीफिकेशन के माध्यम से वितरण की तिथि पूर्व निर्धारित दिनांक 16 जनवरी 2023 के साथ-साथ दिनांक 18 जनवरी 2023 को भी उपलब्ध रहेगी। उक्त वितरण दिवसों में, कार्डधारकों को पोर्टेबिलिटी से खाद्यान्न प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
उपरोक्त योजना के अन्तर्गत राशन वितरण से सम्बन्धित किसी भी समस्या या जानकारी के लिए तहसील अलीगंज हेतु क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी मो० नम्बर 9412313301, तहसील सदर एटा हेतु पूर्ति निरीक्षक मो० नम्बर 8218454903 एवं तहसील जलेसर हेतु क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी मो० नम्बर 7251910000 पर सम्पर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।