
चार महीने में एटा-मलावन रेल लाइन पर दौड़ने लगेंगी मालगाड़ियां, रिपोर्ट योगेश मुदगल
प्रदेश सरकार के आदेशानुसार जवाहर तापीय थर्मल पॉवर प्लांट को नए साल में मार्च माह तक शुरू किया जाना है। इससे पहले प्लांट के कोल यार्ड तक मालगाड़ी के माध्यम से कोयला पहुंचाने के लिए रेलवे ट्रैक बिछाने का कार्य किया जा रहा है। कार्यदायी संस्था के उच्चाधिकारियों के अनुसार नए साल में रेलवे ट्रैक बनाकर तैयार कर दिया जाएगा। इस पर मालगाड़ियां दौड़ सकेंगी।
बीते दिन थर्मल पॉवर प्लांट सहित जनपद में चल रही अन्य महत्वाकांक्षी योजनाओं का निरीक्षण एवं कई अन्य योजनाओं का शिलान्यास करने जनपद आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने थर्मल पॉवर प्लांट में जल्द ही बिजली उत्पादन शुरू कराने के साथ मार्च 2023 तक 24.4 किमी लंबी एटा-मलावन रेल लाइन का निर्माण पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए थे। मुख्यमंत्री के आदेशानुसार रेलवे लाइन निर्माण कार्यदायी संस्था ने नगला गोकुल की ओर से प्लांट तक रेलवे लाइन निर्माण को काफी तेज कर दिया है। कार्यदायी संस्था ने नगला गोकुल एवं सहावर रोड के बीच स्लीपर एवं पटरियां बिछाने के साथ उनकी आधुनिक मशीन से वेल्डिंग भी शुरू करा दी है। इसके साथ ही साथ ट्रैक किनारे बिजली पोल लगाने के लिए फाउंडेशन निर्माण कार्य भी शुरू करा दिया है। कार्यदायी संस्था ने नगला गोकुल स्थित एटा-बरहन रेल ट्रैक से मलावन रेलवे ट्रैक को जोड़ने के लिए मिट्टी एवं गिट्टी डालने कार्य पूरा कर ट्रैक बिछाने के लिए फाउंडेशन तैयार कर लिया है। इसके साथ ही सभी रेल सेतुओं का निर्माण भी 80 फीसदी से अधिक किया जा चुका है। कार्यदायी संस्था के इंजीनियर अनूप यादव के अनुसार मार्च 2023 तक रेलवे लाइन का निर्माण पूर्ण होने की संभावना है।