
डकैती और हत्या में फरार इनामी फर्रुखाबाद में ढेर
दिल्ली रोड पर टेढ़ी कोन चौराहे के पास रविवार सुबह मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी दुर्दांत बदमाश पिंकू यादव ढेर हो गया। गोली लगने से दो सिपाही भी घायल हुए हैं। पिंकू पर कासगंज के पटियाली में वर्ष 2016 में हुई रिटायर एसडीएम रामअवतार के यहां डकैती के दौरान हत्या समेत अन्य जिलों अपहरण, हत्या, लूट, डकैती समेत 21 गंभीर मुकदमे दर्ज थे। पुलिस ने उसके पास से 32 बोर की पिस्टल बरामद की है।
एसपी अशोक कुमार मीणा ने बताया कि सुबह चार बजे के करीब कायमगंज कोतवाल, एसओजी और सर्विलांस टीम दिल्ली रोड पर चेकिंग कर रही थी। मुखबिर से जानकारी मिली कि एक बदमाश बाइक से निकल रहा है। पुलिस ने बाइक देख उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने फायरिंग कर दी। दो सिपाहियों को गोली लग गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की तो गोलियां उसके पैर में लगीं। घायल अवस्था में उसे कायमगंज सीएचसी ले जाया गया, जहां से डॉक्टर ने बदमाश को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक बदमाश की पहचान देवेन्द्र उर्फ पिंकू यादव के रूप में हुई तो पुलिस के होश उड़ गए। मूल रूप से कन्नौज का रहने वाला पिंकू इस समय फर्रुखाबाद के चांदपुर में रह रहा था। उसके खिलाफ गैंगेस्टर की कार्रवाई भी की गई थी