छह ग्राम पंचायतों के 17 गांवों को मिरहची नगर पंचायत में किया गया है शामिल
तीन माह बाद भी नगर पंचायत क्रियाशील नहीं
नगर पंचायत बनने से अध्यक्ष से उम्मीदें
● सभी 15 वार्डों में जलनिकासी की व्यवस्था की जाएगी।
● वार्डों की नियमित सफाई भी कराई जाएगी।
● नगर पंचायत में शामिल सभी गांवों में घर-घर पानी पहुंचाया जाएगा।
● अंत्येष्टि स्थल का निर्माण कराया जाएगा।
● मिनी स्टेडियम, ओपिन जिम, पार्क की व्यवस्था की जाएगी।
● नगर पंचायत क्षेत्र की सड़कें दुरुस्त कराई जाएंगी।
● जर्जर बिजली खंभों को बदलवाकर तारों को कसवाया जाएगा।
● नगर पंचायत में शामिल गांवों को शहरी रोस्टर पर बिजली दी जाएगी।
मिरहची नगर पंचायत की मुख्य समस्याएं
● नगर पंचायत में कूड़ा निस्तारण का उचित प्रबंध नहीं है, नगर क्षेत्र में लगे अधिकांश हैंडपंप खराब पड़े हुए हैं।
● अधिकांश स्ट्रीट लाइट भी खराब पड़ी हुई हैं, नगर पंचायत के अंदर महिला डिग्री कॉलेज नहीं है।
● कई मोहल्लों की सड़कें बदहाल व नालियां टूटी हैं, जलनिकासी की अव्यवस्थित है, आरसीसी सड़क और नालियां नहीं हैं।
नगर पालिका मिरहची में जाम की विकराल समस्या है। नगर पंचायत को टेंपो, टैक्सी व ई-रिक्शा के लिए निर्धारित जगहों पर पार्किंग बननी चाहिए। ताकि नगर में जाम न लगे।
अरुण कुमार शिकरवार, मिरहची
नई नगर पंचायत में सफाई बहुत बड़ी समस्या है। नालियों के पानी के निकास की उचित व्यवस्था नही है। जगह-जगह गंदगी के ढेर हैं। लोगों को इस बात की उम्मीद है कि उन्हें जल्द ही शहरी सुविधाएं मिलेंगी।
अशोक कुमार उपाध्याय, मिरहची
ईओ को निर्देश जारी किए हैं कि वह कार्यालय स्थापित कर वहां की समस्याओं को देखें। शीघ्र ही स्थान चयनित होने पर कार्यालय प्रारंभ कराया जाएगा।
आलोक कुमार, एडीएम प्रशासन

एटा, हिन्दुस्तान संवाद। नगर पंचायत का दर्जा मिलने के बाद मिरहची में शामिल ग्राम पंचायतों के लोगों को शहरी सुविधाओं की उम्मीद बनी हुई है। उन्हें होने वाले नगर पंचायत अध्यक्ष से कई अपेक्षा हैं। अभी तक नगर पंचायत कार्यालय भी नहीं बन सका है। तीन महीने से अधिक का समय बीतने के बाद भी अभी तक कार्यालय बनाने के लिए जगह भी नहीं मिल सकी है।
मिरहची संवाददाता के अनुसार मिरहची को नगर पंचायत का दर्जा मिला है। नगर पंचायत में छह ग्राम पंचायत के 17 गांव शामिल किए गए हैं। नवगठित नगर पंचायत में 15 वार्ड बनाए गए हैं। यहां 15 हजार वोटर पहली बार नगर पंचायत के लिए वोट कर मिरहची नगर पंचायत के पहले नगर पंचायत को चुनेंगे। तीन महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी कोई कार्यालय नहीं बन सका है। जब कभी अधिकारी पहुंचकर स्थान देखकर चले आते हैं। अभी तक चार स्थानों को देखा जा चुका है। न कोई कार्यालय है न ही कोई कर्मचारी। ऐसे में अभी लोग संबंधित प्रधानों से अपना काम ले रहे हैं। कई हैंडपंप खराब हैं। सफाई व्यवस्था भी सही नहीं हो रही है। नगर पंचायत में शामिल गांव की सड़कें खस्ताहाल हैं। सफाई नहीं होने से हर ओर गंदगी का अंबार और जगह-जगह जलभराव की समस्या बनी हुई है।