
नेताओं के रिश्तेदारों को टिकट से परहेज करेगी भाजपा
भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर रविवार को आयोजित बैठक में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह व अन्य पदाधिकारियों ने शिरकत की।
नेताओं के रिश्तेदारों को टिकट से परहेज करेगी भाजपा
सरकार की बात घर-घर पहुंचाएंगे धर्मपाल सिंह
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह नेकहा कि लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए हमें प्रदेश में अपनी संगठनात्मक संरचना को और अधिक मजबूत करते हुए सशक्त मंडल, सक्रिय बूथ समिति और पन्ना प्रमुख व पन्ना समिति की संरचना को सशक्त बनाना है। निकाय चुनावों की दृष्टि से वार्ड समिति व बूथ समिति का गठन अति शीघ्र पूरा करते हुए सम्पर्क व संवाद के माध्यम से संगठन व सरकार की बात घर-घर तक पहुंचाने पर जोर दिया जाए।
लखनऊ, प्रमुख संवाददाता। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा है कि मोदी-योगी सरकार के कार्यों और कार्यकर्ताओं के परिश्रम से पार्टी निकाय चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। रविवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर संगठन के आगामी कार्यक्रम और निकाय चुनाव की तैयारियों की कार्ययोजना पर मंथन किया गया।
बैठक में तय हुआ कि महापौर, नगर पालिका अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष तथा नगर निगम, नगर पालिका व नगर पंचायत के पार्षद प्रत्याशी स्क्रीनिंग कमेटी द्वारा तय किए जाएंगे। सूत्र बताते हैं कि पार्टी निकाय चुनाव के लिए प्रत्याशियों के चयन में मंत्रियों, सांसदों, विधायकों के परिवार व नाते रिश्तेदारों को टिकट देने से परहेज करेगी। जिन निकायों में पार्टी के पास दूसरे मजबूत विकल्प नहीं होंगे वहीं पर इनके नाते-रिश्तेदारों के नामों पर विचार किया जाएगा। स्क्रीनिंग कमेटी निकाय स्तर पर जिला स्तर पर बैठक कर प्रत्याशियों के नामों की सूची एक सप्ताह के अंदर बनाएगी। प्रत्याशियों के नामों पर अंतिम मुहर प्रदेश मुख्यालय से लगेगी।
बैठक में भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि वर्ष 2024 लोकसभा चुनाव से पहले होने जा रहे नगरीय निकाय का चुनाव काफी महत्वपूर्ण है। सभी पार्टी पदाधिकारी संगठन की योजनानुसार कार्य करते हुए निकाय चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के अभियान में जुट जाएं। बैठक में प्रदेश सहप्रभारी सत्या कुमार व प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह के साथ ही क्षेत्र व जिलों के प्रभारी व अध्यक्ष बैठक में उपस्थित थे। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के प्रदेश से लेकर बूथ तक के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर नगरीय निकाय के चुनाव में जीत के लिए काम करना है। इस चुनाव के लिए जल्द ही अधिसूचना जारी होने की संभावना है, ऐसे में हम सब लोग संगठन की तय योजनानुसार महापौर, पार्षद, पालिका अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष व अन्य पदों के लिए अपनी तैयारियां पूरी कर लें।