*सनसनीखेज मैनपुरी में प्रेमी युगल के शव पेड़ पर लटके मिले, रिपोर्ट योगेश मुदगल

घिरोर (मैनपुरी)। थाना क्षेत्र के ग्राम नगला कंचन के निकट प्रेमी युगल के शव पेड़ पर फंदे पर लटके मिले। जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया है। परिजनों ने कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी है।
शनिवार की सुबह थाना क्षेत्र के ग्राम नगला कंचन के मजरा नगला रघु निवासी मालती (18) पुत्री कृष्ण कुमार यादव और गांव के ही अनिल कुमार (32) पुत्र रणवीर सिंह यादव के शव रस्सी के सहारे शीशम के पेड़ पर लटके मिले। युवक विवाहित और तीन बच्चों का पिता था। युवती की शादी कुछ दिन पहले ही तय हुई थी।
परिजनों ने नहीं दी कोई तहरीर थाना प्रभारी ने बताया, दोनों के बीच प्रेम संबंधों की जानकारी परिजनों और ग्रामीणों को थी। प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग में प्रेमी युगल द्वारा फांसी लगाने की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होगा। कोई तहरीर दी जाएगी तो उसके आधार पर कार्रवाई होगी।
तीन बच्चों का पिता था युवक पुलिस के अनुसार, मृतक युवक तीन बच्चों का पिता था। परिजन युवती से संबंधों को खत्म करने का दबाव बना रहे थे। लेकिन वह नहीं मान रहा था। उसकी बड़ी बेटी की उम्र तो 13 वर्ष है। युवती के परिजनों ने भी कुछ दिनों से मिलने पर सख्ती कर रखी थी।
युवती की एक दिन पहले हुई गोद भराई पुलिस ने बताया युवती के प्रेम संबंधों को लेकर हो रही बदनामी के चलते परिजनों ने उसकी शादी तय कर दी थी। युवती की शादी तय होने के बाद एक दिन पहले ही उसकी गोद भराई की रस्म पूरी हुई थी।