सम्पूर्ण जनपद में 05 जुलाई को लगाए जाएंगे 20 लाख 55 हजार पौधे
सामाजिक दूरी का पालन करते हुए सम्पूर्ण जनपद में वृक्षारोपण अभियान को सफल बनाएं
एटा। डीएम सुखलाल भारती ने कहा कि शासन द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में आगामी 05 जुलाई को प्रदेश में वृहद वृक्षारोपण किया जाना है, इसी को दृष्टिगत रखते हुए सम्पूर्ण जनपद में आवंटित लक्ष्य 20 लाख 55 हजार पौधे रोपित किए जाएंगे। सभी विभागध्याक्ष अपने आवंटित लक्ष्य को पूर्ण करने हेतु सर्वप्रथम पौधे उठान की कार्यवाही हर हाल में 02 जुलाई से शुरू कर दें, जिससे कि 04 जुलाई तक कम से कम 70 प्रतिशत वृक्षारोपण कार्य पूर्ण किया जा सके। हर हाल में आगामी 05 जुलाई तक 20 लाख 55 हजार पौधे लगाए जाने हैं। बड़े-बड़े स्थानों पर जो भी वृक्षारोपण किया जाए, उसका प्रापर डाक्यूमेंटेशन किया जाए।
डीएम ने कहा कि समस्त विभागाध्यक्ष यह सुनिश्चित करें कि इस बार वृक्षारोपण अभियान को जनसहयोग एवं अधिकारियों के आपसी सामंजस्य से सफल बनाना है। वन विभाग की नर्सरियों में दर्जनों प्रजातियों के पौधे उपलब्ध हैं। अधिक से अधिक प्रयास यह किया जाए कि फलदार पौधे लगाए जाएं, जिससे कि पौधे अधिक संख्या में सरवाइफ कर सकें। वृक्षारोपण के दौरान सामाजिक दूरी का पालन अवश्य किया जाए, कहीं से भी शिकायत की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। सिंचाई विभाग द्वारा नहरों के किनारे पटरी पर वृक्षारोपण अवश्य कराया जाए, इसके साथ ही ग्राम पंचायतों में तालाब किनारे वृक्षारोपण पर विशेष रूप से फोकस किया जाए।
बैठक में सीडीओ मदन वर्मा, डीएफओ अखिलेश पाण्डेय, सीएमओ डा0 अजय अग्रवाल, एडीएम प्रशासन विवेक कुमार मिश्र, एसडीएम सदर अबुल कलाम, एएसडीएम एसपी वर्मा, डीडीओ एसएन सिंह कुशवाह, डीसी मनरेगा पीसी यादव, तहसीलदार दुर्गेश यादव आरके त्यागी, डीआईओएस मिथलेश कुमार, बीएसए संजय सिंह, डीपीआरओ आलोक कुमार प्रियदर्शी, समस्त संबंधित विभागीय अधिकारी, समस्त खण्ड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका आदि मौजूद रहे।