*”रेल लाइन निर्माण के साथ विद्युतीकरण कार्य शुरू, रिपोर्ट योगेश मुदगल

एटा, । जवाहर तापीय थर्मल पॉवर प्लांट को मार्च तक शुरू किया जाना है। इससे पहले प्लांट के कोल यार्ड तक मालगाड़ी के माध्यम से कोयला पहुंचाने के लिए तेजी से रेलवे ट्रैक बिछाने का कार्य किया रहा है। इसके साथ ही कार्यदायी संस्था ने ट्रैक विद्युतीकरण संबंधी कार्य भी शुरू करा दिया है।
पिछले दिनों थर्मल पॉवर प्लांट निरीक्षण करने के साथ अन्य कई योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण करने जनपद आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने थर्मल पॉवर प्लांट में जल्द ही बिजली उत्पादन शुरू कराने के साथ मार्च 2023 तक एटा-मलावन रेल लाइन का निर्माण पूर्ण किए जाने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री के आदेशानुसार रेलवे लाइन निर्माण कार्यदायी संस्था राइट्स ने नगला गोकुल की ओर से प्लांट तक रेलवे लाइन निर्माण को काफी तेज कर दिया है।
कार्यदायी संस्था ने नगला गोकुल एवं सहावर रोड के बीच स्लीपर एवं पटरिया बिछाने के साथ उनकी आधुनिक मशीन से बेल्डिं़ग प्रक्रिया भी शुरु करा दी है। इसके साथ ही साथ ट्रैक किनारे बिजली पोल लगाने के लिए फाउंडेशन निर्माण कार्य भी शुरू करा दिया गया है। कार्यदायी संस्था ने नगला गोकुल स्थित एटा-बरहन रेलवे ट्रैक से मलावन रेलवे ट्रैक को जोड़ने के लिए मिट्टी एवं गिट्टी डालने कार्य लगभग पूरा कर लिया है। कार्यदायी संस्था के इंजीनियर अनूप यादव के अनुसार जल्द ही मलावन लाइन को बरहन लाइन से कनेक्ट किया जाएगा। मार्च 2023 तक रेलवे लाइन का निर्माण पूर्ण किए जाने की संभावना है।