
विवाद एटा में किसान की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या
एटा, । जुताई के रुपये न देने पर ट्रैक्टर चालक ने खेत में किसान पर ट्रैक्टर चढ़ाकर उसकी हत्या कर दी। उधर, आक्रोशित भीड़ ने मुख्य आरोपी का घर फूंक दिया। हत्याकांड के बाद चार घंटे तक राजा का रामपुर और अलीगंज पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही, जिसे लेखपाल ने सुलझाया। अंत में राजा का रामपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी ट्रैक्टर चालक को हिरासत में लिया है।
थाना राजा का रामपुर के गांव ताजपुर अद्दा निवासी रामसेवक शर्मा (73) गुरुवार सुबह ट्रैक्टर से खेत जुतवा रहे थे। उनके साथ बेटा अनिल और अन्य लोग भी थे। अलीगंज क्षेत्र के अमोगपुर निवासी अश्वनी ट्रैक्टर से खेत जोतने का काम करता है। बताया गया कि अश्वनी के जुताई के एक हजार रुपये अनिल शर्मा पर थे। रुपये न देने पर दोनों में विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद अश्वनी के साथी राहुल व आशीष ने रामसेवक पर हमला कर दिया। बाद में अश्वनी ने रामसेवक को ट्रैक्टर से कुचल दिया। गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी अश्वनी के घर में आग लगा दी। मृतक के पुत्र अनिल ने अश्वनी, राहुल व आशीष पर केस दर्ज कराया है।