AAP विधायक को कार्यकर्ताओं ने दौड़ाकर पीटा, मंच छोड़कर भागे, केस भी दर्ज, BJP बोली- टिकट बेचने के आरोप में हुई पिटाई, इससे पहले 80 लाख रिश्वत लेने का स्टिंग वीडियो भी किया जारी

दिल्ली में नगर निगम चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है. जहां एक तरफ भारतीय जनता पार्टी लगातार आप पर एमसीडी चुनाव में पैसों के बदले टिकट देने का आरोप लगा रहा है. वहीं, पार्टी के भीतर टिकट को लेकर भारी घमासान मचा हुआ है. इस बीच दिल्ली की सत्ताधारी आम आदमी पार्टी के विधायक गुलाब सिंह यादव की कथित पिटाई का एक वीडियो सामने आया है. साथ ही यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। एक महिला की शिकायत पर उनके खिलाफ ये कार्रवाई की गई. हालांकि गुलाब सिंह यादव की ओर से भी क्रॉस एफआईआर दर्ज की गई है.
बताया जा रहा है कि एमसीडी चुनाव में टिकट बंटवारे से नाराज कार्यकर्ताओं ने अपने ही विधायक को पीट डाला. हालांकि, इस घटना पर अभी तक आम आदमी पार्टी की ओर से कोई बयान नहीं आया है. वहीं, सीएम केजरीवाल ने भी इस मामले में चुप्पी साध रखी है. दरअसल, आम आदमी पार्टी के विधायक गुलाब सिंह कल रात श्याम विहार इलाके में एमसीडी चुनाव को लेकर अपने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहे थे. तभी उस दौरान हंगामा शुरू हो गया. पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विधायक के साथ मारपीट शुरू कर दी. उनके साथ धक्का-मुक्की भी की गई. कार्यकर्ताओं का गुस्सा देख आखिर में विधायक गुलाब सिंह को वहां से भागना ही पड़ा.
वहीं भाजपा ने कल एक स्टिंग ऑपरेशन दिखाया. दावा किया कि AAP के नेता चुनाव में टिकट देने के लिए 80 लाख रुपए मांग रहे हैं. भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने दावा किया कि रोहिणी-D के वार्ड 54 से टिकट देने के लिए AAP नेता बिंदू से रिश्वत मांगी गई. पात्रा ने 2 वीडियो दिखाए. दावा किया कि वीडियो में बिंदू हैं, जिनसे टिकट के लिए पैसे मांगे गए. इस स्टिंग में आप नेता RR पठानिया का नाम भी आ रहा है. दो दिन पहले भाजपा ने AAP के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन के तिहाड़ जेल के वीडियो जारी किए थे. इनमें वे तिहाड़ के कमरे में बॉडी और हेड मसाज करवाते दिख रहे हैं.