खबर आई कि खाना कम है… यह सुनते ही CM गहलोत की सभा में फटाफट खाली हो गईं कुर्सियां, भाषण के बीच मे ही जाने लगे लोग

राजस्थान के बारां की एक सभा में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के भाषण के बीच कुर्सियां खाली हो जाने पर अधिकारियों से जवाब तलब किया गया है. जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री कार्यालय ने इस मामले की जांच के आदेश दिए थे. अब अधिकारियों की तरफ से भेजे गए जवाब में कहा गया है कि लोगों को घर जाने में देरी हो रही थी और खबर फैल गई कि खाना कम बचा है, इसलिए भीड़ कुर्सियां छोड़ खाना खाने चली गई थी.
दरअसल, 3 नवंबर को मुख्यमंत्री गहलोत बारां में राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेलों के विजेता सम्मान समारोह में पहुंचे थे. इस दौरान सीएम ने विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास के लिए आयोजित कार्यक्रमों में भी भाग लिया था.
इसी दौरान सीएम गहलोत श्री पार्श्वनाथ मानव सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट के एक कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां उनके भाषण के बीच जनता अपनी-अपनी कुर्सियों से उठकर जाने लगी और देखते ही देखते सभी कुर्सियां खाली हो गईं. इसके बाद मुख्यमंत्री ने जल्द ही अपना संबोधन समाप्त कर दिया.