*”तीन एटीएम में चोरी की कोशिश कर चुके शातिर, रिपोर्ट योगेश मुदगल

एटा – शहर में एटीएम पर चोर पिछले काफी दिनों से निशाना बना रहे हैं। इससे पूर्व तीन एटीएम को तोड़ने की कोशिश की गई। इसमें न चोरी हुई थी और न ही तोड़ी जा सकी थीं। पुलिस ने इन घटनाओं को गंभीरता से नहीं लिया था।
निधौली रोड पर लगी एटीएम को चोरों ने काट दिया था। घटना को अंजाम देने से पहले ही आसपास के लोगों ने देख लिया। चोर एटीएम से कैश नहीं ले जा सके। शिकोहाबाद रोड पर साक्षी आश्रम के पास लगी एटीएम से भी चोरों ने पैसा चोरी करने की कोशिश की थी। यादवनगर के पास एटीएम पर भी चोरी की कोशिश की। यहां से भी कोई कैश नहीं ले जा सके। एक वर्ष में करीब तीन बार चोर इस तरह की कोशिश कर चुके हैं। तीन दिन पहले अरुणानगर गेट पर लगी एटीएम को गैस कटर से काटकर कैश ले गए। अगर पुलिस पुरानी घटनाओं को गंभीरता से ले लेती और एटीएम के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखती तो बड़ी घटना होने से बच जाती।
26 लाख चुराने वालों की तलाश में दबिश अरुणानगर गेट पर एक्सिस बैंक के एटीएम से 26 लाख रुपये चोरी होने के बाद पुलिस की टीमें जिले के अलावा आसपास के जनपदों में भी दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है शीघ्र ही इस घटना का खुलासा कर देंगे। घटना को लेकर कई संदिग्धों से भी पूछताछ की जा रही है। माना जा रहा है जिन लोगों ने एटीएम को काटा है वह काफी एक्सपर्ट हैं। उन्होंने रैकी करने के बाद ही घटना को अंजाम दिया है। एटीएम को इतनी सफाई से काटा कि आसपास के लोगों को भी इसकी भनक नहीं लग सकी। घटनास्थल के ठीक सामने केनरा बैंक पर हर समय गार्ड रहता है।