“मलेशिया पहुंचाकर कराई बंधुआ मजदूरी, मुकदमा दर्ज
*नौकरी के नाम पर जीजा व साले से13 लाख ठगे, रिपोर्ट योगेश मुदगल

कासगंज, संवाद। अमांपुर क्षेत्र के एक युवक व उसके जीजा से नेवी में नौकरी लगवाने के नाम पर 13 लाख रुपये की ठगी करने का मामला प्रकाश में आया है। ठगी करने के आरोपियों ने रुपये लेने के बाद जीजा-साले को मलेशिया भेजकर बंधुआ मजदूरी करवाई।
युवक व उसके जीजा के द्वारा विरोध करने पर मलेशिया से वापस भेज दिया गया। इसके बाद पीड़ितों ने नौकरी के नाम पर दिए गए रुपये मांगे। रुपये नहीं मिलने पर पीड़ित के परिजनों ने एसपी से शिकायत की। एसपी के आदेश पर अमांपुर थाना पुलिस ने क्षेत्र के तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी बीबीजीटीएस को दिए गए शिकायती पत्र में अमांपुर के बारा नगर निवासी शिव नारायन पुत्र लालाराम ने कहा है कि क्षेत्र के गांव बुडथरा के रहने वाले विजेंद्र सिंह, प्रेम सिंह व प्रीतम सिंह ने उनसे नेवी में नौकरी लगवाने के लिए कहा था।
इसके लिए 13 लाख रुपये की मांग की गई। 13 लाख रुपये तीनों को उपलब्ध करा दिए गए। इसके बाद नौकरी के नाम पर उनके बेटे अंकित कुमार व दामाद अमोद पाल पुत्र राकेश कुमार निवासी राजस्थान को मलेशिया भेज दिया गया। मलेशिया में साले व जीजा से एक शिप कंपनी में बंधुआ मजदूरी कराई गई। विरोध करने पर दोनों की टिकट बनवाकर वापस घर भेज दिया गया। पीड़ित परिजनों ने संबंधित लोगों से संपर्क कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी देकर अपने रुपये मांगे। रुपयों की मांग करने पर आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अमांपुर पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। अमांपुर पुलिस ने तीनों नामजदों के खिलाफ धोखाधड़ी व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।