कोरोना वायरस के संक्रमण ने शनिवार को एक और मरीज की जान ले ली। भोजपुर के पीपलसाना निवासी 50 वर्षीय शमीम ने टीएमयू के कोविड अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉक्टर मिलिंद चंद्र गर्ग ने कोरोना संक्रमण से मरीज की मौत होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि वह पिछले एक हफ्ते से वेंटीलेटर पर था।
कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने के बाद उसकी हालत लगातार गंभीर होती गई। उधर, जिले में कोरोना से लगातार दूसरे दिन मरीज की मौत हुई है। शुक्रवार को टीएमयू अस्पताल में भर्ती 31 वर्षीय महिला मीडिया कर्मी की मौत हो गई थी। वह भी सांस लेने में तकलीफ से पीड़ित थी। पांच दिन पहले वह कांठ रोड स्थित सिद्ध अस्पताल पहुंचाई गई थी। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.मिलिंद चंद्र गर्ग ने बताया कि सिद्ध अस्पताल के इमरजेंसी में डॉक्टरों ने उसे देखते ही कोरोना आशंकित बताकर टीएमयू के कोविड अस्पताल रेफर कर दिया था। जिले में कोरोना के संक्रमण से मरने वाले मरीजों की संख्या बीस पहुंच गई।