एक माह पूर्व डिलारी थाना क्षेत्र में हुई लूट को मुरादाबाद के बदमाशों ने अंजाम दिया था। डिलारी से ठाकुरद्वारा जाते समय किसान से तमंचे के बल पर बाइक लूटी गई थी। शनिवार को पुलिस ने दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार करके घटना का पर्दाफाश कर दिया। निशानदेही पर लूटी गई बाइक भी बरामद हो गई।
एसओ डिलारी संजय कुमार ने बताया कि ठाकुरद्वारा निवासी किसान अमित कुमार 26 मई को डिलारी थाना क्षेत्र स्थित मौसा के यहां कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आया था। रात करीब साढ़े नौ बजे घर लौटते समय बदमाशों ने तमंचे के बल पर उससे बाइक लूट ली थी। विरोध करने पर तमंचे की बट मारकर घायल भी कर दिया था। डिलारी में अमित की तरफ से लूट का मामला दर्ज किया गया था। तभी से पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी हुई थी। शनिवार दोपहर पुलिस ने गश्त के दौरान दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अपने नाम छुट्टन पुत्र सोहन लाल निवासी सहविया थाना पटवाई रामपुर व हाल निवासी सूर्य नगर पीतल बस्ती थाना कटघर और दूसरे ने पीपी पंडित उर्फ चंद्रपाल सिंह पुत्र लालमन सैनी निवासी खरग का मझरा थाना मूंढापांडे बताए। दोनों के कब्जे से लूटी गई बाइक भी बरामद हो गई। जानकारी पाकर पहुंचे वादी ने भी दोनों बदमाशों की शिनाख्त कर ली। एसओ डिलारी संजय कुमार ने बताया कि कोर्ट में पेश करने के बाद दोनों बदमाशों को जेल भेज दिया गया।