धोखेबाज़ चीन कभी भी कर सकता है हमला, बरती जाए सतर्कता- राजू आर्य
● दक्षिणी चीन महासागर में अमेरिकी सेना ने बढाई उपस्थिति।
●लद्दाख क्षेत्र में चीन बना रहा हैलीपैड, सैन्य वाहनों की आवाजाही बढ़ी।
भारतीय पत्रकार संघ के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष एवं विहिप नेता राजू आर्य ने लद्दाख क्षेत्र में चीन द्वारा बढ़ाई जा रही सैन्य ताकत और गतिविधियों को लेकर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने बताया कि हाल में सैटेलाइट द्वारा ली गयी तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि चीन ने काफी बड़ी संख्या में लद्दाख क्षेत्र में अपनी सेना की तैनाती बढ़ा दी है। हालांकि दूसरी तरफ से भारतीय सेना भी मोर्चा संभाले हुए है लेकिन लद्दाख क्षेत्र में भारतीय सैनिकों की संख्या चीनी सैनिकों की संख्या के मुकाबले कम बताई जा रही है।
विदित है कि चीन की कपटी एवं विस्तारवादी नीतियों को देखते हुए अमेरिका ने वियतनाम, फिलीपींस, मलेशिया, इंडोनेशिया और भारत समेत अन्य देशों को चीन की तरफ से संभावित खतरे के प्रति आगाह करने के साथ ही अपनी सेना की उपस्थिति दक्षिणी चीन सागर में बढा दी है जिससे चीन की गलत युद्ध रणनीतियों को रोका जा सके।
आर्य ने बताया कि वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) को लेकर तनाव के बीच चीनी सेना ने लद्दाख के पैंगोंग झील वाले इलाके में अपनी स्थिति मजबूत करनी शुरू कर दी है। द इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक उसने फिंगर-4 नाम की जगह पर एक हेलीपैड का निर्माण शुरू कर दिया है। इसके अलावा पैंगोंग झील के दक्षिणी किनारे पर चीन ने अपने सैनिकों की संख्या अचानक से काफी अधिक बढ़ा दी है। साथ ही कई बड़े वाहनों के साथ छोटे वाहनों की आवाजाही में भी बढ़ोत्तरी हुई है। इसके साथ ही चीन ने इस क्षेत्र में युद्ध स्तरीय ढांचों का निर्माण भी तेज कर दिया है।
आर्य ने कहा कि सरकार को चीन की इन गतिविधियों को देखते हुए लद्दाख क्षेत्र में हथियारों और जवानों की संख्या में बढ़ोत्तरी कर देनी चाहिए, जिससे कि चीन द्वारा की जाने वाले किसी भी गलत गतिविधि का जवाब देने में भारतीय सेना कमज़ोर न पड़े।
