
लापरवाही : दो दिन में अभियान खत्म, ट्रैक्टर-ट्रॉली में सफर जारी
एटा। कानपुर में ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से हुए हादसे के बाद सरकार ने आदेश दिया तो जोर-शोर से चेकिंग अभियान चलाया गया लेकिन दो दिन में ही यह ठंडा पड़ गया। जबकि ट्रैक्टर-ट्रॉली में सफर जारी है। इन दिनों त्योहार की भीड़ में मैटाडोर सहित अन्य मालवाहक वाहनों में भी सवारियां ढोई जा रहीं हैं। वहीं, प्रशासन ने हादसों के खतरों को छूट दे दी है।
कानपुर में 2 अक्तूबर को यात्रियों को लेकर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से भीषण हादसा हुआ था। जिसमें 27 लोगों की जान गई थी। इस हादसे की गूंज से सरकार भी हिल गई और ट्रैक्टर-ट्रॉली में यात्रा को प्रतिबंधित कर दिया गया। साथ ही चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश जारी किए गए। इसे लेकर जिले में भी अभियान शुरू किया गया। कुछ स्थानों पर ट्रैक्टर-ट्रॉली की धरपकड़, चालान आदि कार्रवाई भी की गई लेकिन दो दिन चलकर अभियान तुरंत ही बंद हो गया।
अब हाल ये है कि जिला मुख्यालय से निकलने वाले हर मार्ग पर माल वाहक वाहनों में यात्रियों को ढोया जा रहा है। देहात क्षेत्रों में हाल इससे भी ज्यादा बुरा है। अनधिकृत रूप से यात्रियों को हर मार्ग पर ले जाया जा रहा है। बुधवार को राष्ट्रीय राजमार्ग जीटी रोड से लेकर कासगंज रोड, अलीगंज रोड, निधौली रोड, आगरा रोड, सकीट रोड, गंजडुंडवारा रोड पर कहीं ट्रैक्टर-ट्रॉली तो कहीं मालवाहक वाहन में लोग सफर करते नजर आए।