
बच्चों का वजन मापने में प्रदेश में पहले स्थान पर एटा
एटा। महिला एवं बाल विकास पुष्टाहार विभाग की ओर से जिले में सभी बच्चों का वजन व लंबाई का मापन किया जा रहा है। इसकी डाटा फीडिंग पोषण ट्रैकर एप पर की जाती है। इस मामले में एटा पूरे प्रदेश में पहले स्थान पर पहुंच गया है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय सिंह ने बृहस्पतिवार को बताया कि महिला एवं बाल विकास पुष्टाहार विभाग की ओर से आंगनवाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका की मदद से बच्चों का वजन व लंबाई का मापन किया जा रहा है। साथ ही इसे पोषण ट्रैकर एप पर अपलोड किया जा रहा है। जिले में 189974 बच्चों का वजन मापन किया जाना है, जिसमें अभी तक 157029 बच्चों के वजन व लंबाई का मापन किया जा चुका है।
इस मामले में जिला प्रदेश में पहले स्थान पर चल रहा है। वहीं दूसरे स्थान पर देवरिया और तीसरे स्थान पर सहारनपुर जिला चल रहा है। उन्होंने बताया कि सभी बच्चों के वजन व लंबाई मापन के बाद इन बच्चों में कुपोषित व अतिकुपोषित बच्चों का चिन्हांकन किया जाएगा।