
कोशिश करने वालों की हार नहीं होती…लहरों से डरकर नौका पार नहीं होती
तीन माह से आगे चल रहे जनपद के पिछड़ने पर डीएम ने कहा….असफलता को चुनौती के रूप में स्वीकार कर…करें कड़ी मेहनत
एक सप्ताह की मेहनत से ही मिलेगा सफलता का शिखर
अधिकारी, कर्मचारी अपनी मेहनत से अवाम, जनप्रतिनिधियों एवं मीडिया कर्मियों में ला सकेंगे खुशी की लहर
प्रतिदिन अधिक से अधिक कार्ड बनाने के लिए करें मेहनत
जनप्रतिनिधि, पत्रकार बंधुओ और आमजन से की सहयोग की अपील
31 दिसंबर तक करें कड़ी मेहनत
सहारनपुर, दिनांक 23 दिसंबर, 2023 (सूवि)।
जिलाधिकारी डॉक्टर दिनेश ने आयुष्मान कार्ड बनाने के कार्य में लगे कार्मिकों को प्रेरित करते हुए कहा कि….कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती…लहरों से डरकर नौका पार नहीं होती….जनपद सहारनपुर विगत तीन माह से आयुष्मान कार्ड बनाने में प्रदेश भर में प्रथम स्थान पर था। परंतु आज शाम जनपद प्रदेश के एक अन्य जनपद से थोड़ा पीछा हो गया। जिलाधिकारी ने सोहनलाल द्विवेदी की इन पंक्तियों के जरिए कार्मिकों में जोश भरते हुए कहा की आप लोगों ने बहुत अच्छा कार्य किया है जिसके लिए शासन स्तर से सराहना की गई है। उन्होंने कहा की अभी अभियान में 07 दिन शेष है जिनमें आप बिना हिम्मत हारे पूर्ण लगन से कार्य करे। उन्होंने कहा कि *असफलता एक चुनौती है, स्वीकार करो
क्या कमी रह गई, देखो और सुधार करो
जब तक न सफल हो, नींद चैन को त्यागो तुम
संघर्ष का मैदान छोड़ मत भागो तुम
कुछ किये बिना ही जय जयकार नहीं होती
कोशिश करने वालों की हार नहीं होती।
उन्होंने कहा कि कार्ड बनाने के कार्य में तेजी लाएं और प्रतिदिन अधिक से अधिक कार्ड बनाकर पात्रों को योजना से जोड़े। उन्होने कहा कि छूटे हुए पात्रों को चिन्हित करने एवं योजना से जोड़ने के लिए गांव गांव मे कैंप भी लगाए जाएं।
डॉ0 दिनेश चन्द्र ने कहा कि 31 दिसम्बर तक चलने वाले अभियान के बाद कोई भी पात्र आयुष्मान कार्ड से वंचित न रहे। उन्होने कहा कि प्रत्येक स्तर पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी पूर्ण ऊर्जा एवं निष्ठा के साथ कार्य करे। उन्होने कहा कि जनपद को पुनः प्रथम स्थान पर लाने और प्रत्येक नागरिक को आयुष्मान योजना का लाभ दिलाने में सभी अपने स्तर से अधिक से अधिक प्रयास करें।
उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, पत्रकार बंधुओ और आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा एक नई ऊर्जा के साथ इस कार्य में जुड़े। कहा की मुझे पूर्ण आशा है हम सफल होकर जनपद का नाम प्रदेश और देश में सर्वोच्च करेंगे।
सुरेंद्र चौहान
दैनिक सच कहूं