*एक वर्ष बाद जमीन से निकाला युवक का शव, रिपोर्ट योगेश मुदगल

कासगंज, । सहावर के गांव ताली में पुलिस ने कोर्ट के आदेश के बाद एक युवक के शव को खेत की जमीन से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के पिता की तहरीर पर कोर्ट के आदेश से नामजद आरोपियों के विरुद्ध हत्या व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया था। शव के पोस्टमार्टम के बाद युवक की हत्या की वजह सामने आएगी।
मंगलवार को सहावर पुलिस की मौजूदगी में गांव ताली के रहने वाले रवि पुत्र कांशीराम का शव बूढ़ी गंगा के किनारे गांव के शमशान से बाहर निकाला गया है। कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार दोहरे ने बताया कि कोर्ट के आदेश के अनुसार बताए गए स्थान से शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। गांव ताली के रहने वाले कांशीराम ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर अपने बेटे रवि की हत्या कर शव को गायब कर देने का मामला नामजद आरोपियों के विरुद्ध चार दिसंबर 2022 को दर्ज कराया गया था। इस मामले में मृतक के पिता ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि उसके पुत्र रवि की 18 अगस्त 2022 को हत्या कर दी थी।
पुलिस की जांच में रवि द्वारा विषाक्त पदार्थ खाकर आत्महत्या करने की बात भी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने इस संबंध में रवि के शव का पोस्टमार्टम कराने लिए डीएम द्वारा टीम गठित कराने व शव को जमीन से बाहर निकलाने लिए प्रार्थना पत्र दिया। ताकि साक्ष्य के आधार पर मामले की विवेचना को पूरा किया जा सके। कोर्ट ने रवि के शव को जमीन से निकालकर पोस्टमार्टम कराने के आदेश दिए थे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।